Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
पानीपत6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पानीपत के L&T टोल प्लाजा पहुंचे अभय सिंह चौटाला।
- किसान आंदोलन के चलते अभय चौटाला ने सिरसा की ऐनलाबाद विधानसभा सीट से दिया है इस्तीफा
- अभय सिंह चौटाला के आह्वान पर पानीपत टोल प्लाजा से 50 गाड़ियों का काफिला निकला गाजीपुर
कृषि कानूनों के विरोध में हाल ही में सिरसा की ऐनलाबाद विधानसभा सीट से इस्तीफा देने वाले इनेलो के अभय सिंह चौटाला शनिवार को पानीपत के L&T टोल प्लाजा पहुंचे। यहां आते ही उन्होंने किसानों से कहा कि गाड़ियों में बैठो और चलो गाजीपुर बॉर्डर। अभय सिंह ने बलिदान दिवस पर गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद अभय सिंह चौटाला के साथ पानीपत के किसान गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हो गए।

गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते अभय सिंह चौटाला।
प्रदेश में इंडियन नेशनल लोकदल के एकमात्र विधायक अभय सिंह चौटाला ने कृषि कानूनों के विरोध में हाल ही में विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया है। वह सिरसा की ऐनलाबाद सीट से विधायक थे। कृषि कानूनों के विरोध में पद से इस्तीफा देने वाले वह अकेले विधायक हैं।

टोल प्लाजा पर अभय सिंह का इंतजार करते किसान।
अभय चौटाला शनिवार काे 11:45 बजे पानीपत के L&T टोल प्लाजा पहुंचे। उनके स्वागत में पहले से ही सैकड़ों की संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद थे। अभय सिंह चौटाला ने आते ही कहा कि सब गाड़ियों में बैठो और गाजीपुर बॉर्डर चलो। कार्यकर्ताओं के आह्वान पर अभय सिंह ने धरने पर गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
इनेलो हमेशा किसानों के साथ रही : अभय
पत्रकारों से बातचीत में अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पक्ष हो या विपक्ष, इनेलो हमेशा ही किसानों के साथ रही है। आज किसानों को उनकी जरूरत है। इसलिए उन्होंने पद से इस्तीफा दिया है। दावा किया कि बीते दो दिनों में किसान आंदोलन अधिक मजबूत हुआ है। इस आंदोलन को और मजबूत करने के लिए ही वह गाजीपुर बॉर्डर जा रहे हैं। कृषि कानून वापस होने तक संघर्ष जारी रहेगा।